
लाठी-पत्थर बरसाये, गाड़ी तोड़ी, पूर्व सीएम की बेटी पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप, घर पर रेड
PARDARSHI VIKASH NEWS तिरुवनंतपुरम। केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के समर्थकों ने प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमला किया। ईडी की 12 सदस्यीय टीम बुधवार सुबह 7 बजे तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के घर समेत 10 ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रेड करने पहुंची थी।यह विजयन का किराए वाला घर है। रेड के दौरान विजयन और उनका परिवार घर में मौजूद था। जैसे ही यह खबर फैली तो विजयन के समर्थक उनके घर के बाहर जुटने लगे। दोपहर करीब 2 बजे टीम बाहर निकली तो सीपीआई कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी। कारों के शीशे तोड़ दिए गए और लाठी से भी हमला किया।बेकरी जंक्शन स्थित पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन के किराए के घर पर रेड। यहां उनकी बेटी वीणा विजयन भी रहती हैं। कन्नूर में पिनारई विजयन के पुश्तैनी घर पर। कोझिकोड में विजयन के दामाद और माकपा विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के घर पर छापा। अलुवा में सीएमआरएल कंपनी के कॉर्पोरेट ऑफिस और कंपनी के एमडी शशिधरन कार्था के घर भी छापा।ईडी की रेड पर पिनाराई विजयन का बयान सामने आया। उन्होंने कहा- काफी समय से ईडी मेरे घर की तलाशी लेना चाहती थी। मुझे लगता है कि इस तलाशी से कुछ लोगों को खासकर राहुल गांधी जैसे किसी व्यक्ति को बहुत संतुष्टि मिलेगी। राहुल गांधी ने यही सवाल पूछा था कि मेरे घर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है, गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश में विपक्षी नेताओं पर हमेशा से जान-बूझकर हमले करती रही है।ईडी ने यह रेड विजयन की बेटी टी वीणा की कंपनी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की है। वीणा की ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड ने साल 2018-19 में 1.72 करोड़ मंथली पेमेंट के तौर पर दिए, लेकिन इसके बदले एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस ने कोई सर्विस नहीं दी। ईडी का मानना है कि यह लेन-देन संदिग्ध है। सीएमआरएल और एक्सालॉजिक के बीच हुए इस भुगतान को लेकर पहले इनकम टैक्स विभाग ने भी सवाल उठाए थे। बाद में इसी आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की है।एक दिन पहले ही मंगलवार को इसी मामले में केरल हाईकोर्ट ने सीएमआरएल की याचिका खारिज की, जिसमें सीएमआरएल ने ईडी की जांच रद्द कराने की मांग की थी। ईडी ने 2024 में आरोपों की जांच के लिए पीएमएलए केस फाइल किया था।यह मुद्दा विजयन सरकार के सामने सबसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील विवादों में से एक रहा है। ईडी जांच के अलावा, इस मामले की जांच सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस भी कर रहा है।