
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सोमवार को गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में महर्षि वाल्मीकि और महान स्वतंत्रता सेनानी एवं निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने ‘प्रताप’ समाचार पत्र के माध्यम से अन्याय, शोषण और सांप्रदायिकता के खिलाफ आवाज उठाई। वर्ष 1931 में कानपुर के सांप्रदायिक दंगों के दौरान लोगों की जान बचाते हुए उन्होंने प्राणों का बलिदान दिया। उनके जीवन से निर्भीक पत्रकारिता, मानवता और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा मिलती है। कांग्रेसजनों ने महर्षि वाल्मीकि के सामाजिक समरसता के संदेश को अपनाते हुए संविधान, लोकतंत्र और भाईचारे की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, जिला प्रवक्ता अनिल सिंह, शत्रुघ्न सिंह, सुनील सिंह, अमरेश सिंह, सरकार विरोधी और सौरभ सिद्धार्थ शुक्ला सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।