
पारदर्शी विकास न्यूज़ ब्यूरो
अयोध्या। विमुक्त एवं घुमंतू समाज के अधिकार, सम्मान और विकास को लेकर आगामी विमुक्त दिवस कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अयोध्या के देवकली में DNT डेवलपमेंट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश नाथ निषाद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्ययोजना और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में राहुल निषाद, अनिल निषाद, हेमंत निषाद, अमरजीत निषाद, सभासद कैंट अयोध्या समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान आगामी 31 अगस्त को लखनऊ और 1 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विमुक्त दिवस कार्यक्रमों को सफल बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संपर्क अभियान चलाने और कार्यक्रम की जानकारी व्यापक स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि विमुक्त एवं घुमंतू समाज लंबे समय से अपने अधिकारों, सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाता रहा है। विमुक्त दिवस के माध्यम से इन विषयों को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्ष कैलाश नाथ निषाद ने समाज के लोगों से अपील की कि वे 31 अगस्त को लखनऊ और 1 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से समाज की समस्याओं और अधिकारों की आवाज को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों में लोगों की सहभागिता बढ़ाने, जिला स्तर पर समन्वय स्थापित करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने विमुक्त एवं घुमंतू समाज के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।