news-details

वार्ड-14 में गंदगी के खिलाफ पार्षद का अनोखा आंदोलन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। वार्ड-14 सब्जी मंडी किदवईनगर में बदहाल सफाई व्यवस्था के विरोध में पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ सात दिवसीय ‘नाली-झाड़ू-कूड़ा आंदोलन’ शुरू किया। आंदोलन के पहले दिन उन्होंने पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया और क्षेत्र की महिलाओं के साथ राखी मंडी व जूही गढ़ा में खुद नालियों की सफाई की और झाड़ू लगाकर कूड़ा उठाया।पार्षद ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद वार्ड में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी से नालियां बजबजा रही हैं। बदबू और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।शालू कनौजिया ने कहा कि मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों की परेशानियां एसी कमरों में बैठकर काम करने वाले अधिकारियों को दिखाई नहीं देतीं। लोग रोजाना गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर हैं।उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों तक महिलाओं और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नालियों की सफाई, झाड़ू लगाने और कूड़ा उठाने का अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद आठवें दिन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।पार्षद ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी व्यक्ति का विरोध नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाना है।