
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर वाराणसी मंडल में 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ईएनएचएम अनुभव पाठक के नेतृत्व में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेल्थरा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर स्वास्थ्य निरीक्षकों ने रेल एवं संविदा कर्मचारियों के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक का कम उपयोग करने का संदेश दिया गया। रेलवे पटरियों के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा हटाया गया। रेलवे कॉलोनियों और प्रतिष्ठानों में भी सफाई की गई। जनउद्घोषणा प्रणाली से यात्रियों से रेलवे परिसर स्वच्छ रखने की अपील की गई। अभियान के दौरान ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया।