news-details

विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन पांचवें दिन भी जारी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि, वित्तीय अनियमितताओं के आरोप और छात्रों के निष्कासन के विरोध में चल रहा आंदोलन रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता पीएल पुनिया धरना स्थल पर पहुंचे और छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। दोनों नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों पर दर्ज कराई गई एफआईआर और निष्कासन की कार्रवाई पर चिंता जताई।सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना किसी भी छात्र का अधिकार है और इसे अपराध नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों का समाधान संवाद और बातचीत के माध्यम से निकाला जाना चाहिए, न कि दंडात्मक कार्रवाई करके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मामला राज्यपाल और संसद तक उठाया जाएगा।पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि छात्र फीस पारदर्शिता और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठा रहे हैं। ऐसे में उनकी बात सुनने के बजाय एफआईआर दर्ज करना और निष्कासन जैसी कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने शिक्षा को सभी के लिए सुलभ और किफायती बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।धरने में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव भी शामिल हुए और छात्रों को समर्थन दिया। छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें उठा रहे हैं और जब तक उचित समाधान नहीं निकलता, आंदोलन जारी रहेगा। विश्वविद्यालय परिसर में आंदोलन को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों की सक्रियता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।