
पारदर्शी विकास न्यूज़, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मतदाता सूची में हेराफेरी और चुनाव में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। बुधवार को सपा प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर लगातार नजर रखने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम कटने से बचाने की अपील की। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और जनता उसके कथित कुशासन, भ्रष्टाचार तथा लूट से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट की चोरी के जरिए चुनाव जीतना चाहती है। सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची को आधार कार्ड से जोड़ने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि इससे मतदाताओं की पहचान और विवरण का सत्यापन आसान होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के उकसावे में नहीं आने की अपील की। स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर सरकारी अस्पतालों में गरीबों का पूरी तरह निःशुल्क इलाज कराया जाएगा। मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों की सुविधाएं बेहतर बनाई जाएंगी।