
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। कसया नगर के गोला बाजार स्थित वृद्धाश्रम में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार को समापन हो गया। कथा की पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर-13 श्रीराम जानकी नगर स्थित वृद्धाश्रम में कथा व्यास वेदांती नंदन महाराज ने सात दिनों तक श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों का वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा सुनने के लिए प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती रही।शुक्रवार को कथा के समापन के बाद आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कथा की आयोजक एवं वृद्धाश्रम की प्रबंधक रागनी सिंह रज्जु ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर मनोज पांडेय, रामा, उमा, कृष्णावती, रुचि और दिनेश तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे।