
pardarshi vikas news banda
विकासखंड कमासिन के ग्राम वीरा में विद्युत विभाग की लापरवाही जनता के लिए काल बन रही है। फिर एक किसान की जान को जोखिम में डाल दिया जो अब अपनी मौत और जिंदगी से जंग लड़ रहा है लेकिन इससे विद्युत विभाग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा और न ही जिला प्रशासन विद्युत विभाग पर कोई ठोस कार्यवाही कर रहा। दरअसल यह पूरा मामला बांदा के कमासिन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बीरा से सामने आया है जहां बुधवार को किसान 11 हजार वोल्ट की झूमती तारो से टकरा गया जिससे किसान बुरी तरह झुलस गया वहीं आसपास के लोगों ने तुरंत लाइन को बंद कराया और किसान को प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य कमासिन ले गए जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल को रेफर कर दिया लेकिन परिजन अपनी सुविधा अनुसार उसे फतेहपुर इलाज हेतु ले गए जहां उनका उपचार जारी है, वहीं पीड़ित किसान की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं पीड़ित का नाम भूनेंद्र सिंह पुत्र स्व० महादेव सिंह उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है जिनकी चार लड़कियां और एक लड़का है तथा एक लड़की की शादी 20 अप्रैल को होनी है लेकिन ऐसी अप्रिय घटना ने परिजनों को स्तब्ध कर दिया है और घर परिवार में दुख का माहौल बना हुआ। वहीं अन्य लोगों का कहना है कि एक वर्ष से लगातार कई बार विद्युत विभाग में जानकारी दी गई है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और यह घटना तब हो गई जब खेत के बीच झूलती तारो के संपर्क में भूनेंद्र सिंह आ गया और इसके पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि विद्युत विभाग की लापरवाही का नतीजा किसान और अन्ना मवेशी कब तक भोगते रहेंगे और क्या विद्युत विभाग की इसमें कोई जिम्मेदारी नहीं बनती, क्या जिला प्रशासन इस पर कोई कार्यवाही करना सुनिश्चित करेगा।