
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। व्यापार मंडल के त्रैवार्षिक चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। राजधानी के लगभग 300 बाजारों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अमरनाथ मिश्र को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुना गया। वहीं पवन मनोचा को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री बनाया गया। गौतमबुद्ध मार्ग स्थित व्यापार भवन में आयोजित कार्यक्रम में चुनाव अधिकारियों ने सभी पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान व्यापारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।नई कार्यकारिणी में जितेन्द्र सिंह चौहान, उमेश शर्मा, अनुराग मिश्र और देवेन्द्र गुप्ता को वरिष्ठ महामंत्री बनाया गया है। कुश मिश्रा और मंजीत सिंह दुआ को महामंत्री तथा सुमित गुप्ता को मीडिया महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि राजधानी के विस्तार के साथ संगठन को भी मजबूत किया जाएगा और नए बाजारों तक इसकी पहुंच बढ़ाई जाएगी। प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही। बैठक में संगठन की प्रबुद्ध समिति का भी गठन किया गया। पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को मुख्य संरक्षक तथा राजेन्द्र कुमार अग्रवाल को दोबारा चेयरमैन चुना गया। नई कार्यकारिणी में कई वरिष्ठ व्यापारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए।