
Pardarshi Vikas News Kanpur
कल्याणपुर क्षेत्र में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना पनकी रोड की है, जहां देर रात गाड़ी बैक करने को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
पुराना शिवली रोड निवासी छात्र आकाश पाल के अनुसार, वह शुक्रवार रात अपने दोस्तों के साथ कार से लौट रहा था। इसी दौरान कार बैक करते समय सामने से आए लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया, जिसके बाद सागर ठाकुर, करन जायसवाल और मोहित चंदेल सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
घटना के दौरान मौके पर भीड़ जुट गई और राहगीरों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने देर रात आरोपियों के घरों पर दबिश दी, हालांकि कोई भी आरोपी हाथ नहीं लगा। इस दौरान एक आरोपी के परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता और तोड़फोड़ के आरोप भी लगाए हैं।
थाना प्रभारी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।