news-details

वन स्टॉप सेंटर की पहल से 10 वर्षीय बच्ची परिवार से मिली

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर। जनपद में संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली और बाल संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। वन स्टॉप सेंटर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर के संयुक्त प्रयासों से लगभग 10 वर्षीय बच्ची सोनी को सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया गया। अपने माता-पिता से मिलते ही बच्ची भावुक हो उठी और उसके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।जानकारी के अनुसार, 04 मई 2026 को राजकीय रेलवे पुलिस खड्डा द्वारा बच्ची को रेस्क्यू किया गया था। इसके बाद बाल कल्याण समिति के आदेश पर उसे वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित आवासित कराया गया। 12 मई 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर के सचिव भुवन द्वारा वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रशासिका श्रीमती रीता यादव ने बच्ची से जुड़ी जानकारी साझा की।इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वन स्टॉप सेंटर की टीम ने बच्ची द्वारा बताए गए पते के आधार पर जनपद फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ से संपर्क स्थापित किया। केंद्र प्रशासिका श्रीमती रीता यादव के समन्वय और निरंतर प्रयासों से बच्ची के परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई।सोमवार को बच्ची की माता पूनम और पिता हरिओम वन स्टॉप सेंटर पहुंचे, जहां आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर माता-पिता ने वन स्टॉप सेंटर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया और केंद्र प्रशासिका श्रीमती रीता यादव को धन्यवाद देते हुए आशीर्वाद दिया।यह पूरी कार्यवाही न केवल प्रशासन की मानवीय संवेदनाओं को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि समर्पित प्रयासों से बिछड़े बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया जा सकता है।