news-details

यातायात माह का शुभारंभ, निकाली जागरूकता रैली

You can share this post!

डीएम-एसपी ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ, स्कूली बच्चों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

 

 

औरैया। रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया। इस अवसर पर गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज एवं तिलक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती सहित अन्य अधिकारियों ने रैली को लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, सदर एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया, यातायात क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए हेलमेट लगाने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।
इस दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी आदत में शामिल करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए।
यातायात प्रभारी अख्तर हुसैन ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाना और अधिक भार लेकर चलना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाने, वाहनों में आगे और पीछे रिफ्लेक्टर लगवाने तथा निर्धारित संख्या में ही सवारियां बैठाने की अपील की गई। साथ ही पैदल यात्रियों को फुटपाथ का प्रयोग करने और सड़क पर बाईं ओर चलने की सलाह दी गई। दुर्घटना होने पर तत्काल 112 या 108 नंबर पर सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात माह के अंतर्गत पूरे नवंबर में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।