news-details

युवक पर लोहे के बेलचे से हमला, तीन आरोपियों पर मुकदमा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Etawah

 जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम गढ़ी जालिम में युवक पर लोहे के बेलचे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित शिवनाथ पुत्र ज्ञान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के संदीप उर्फ लाला, रतन कुमार और अभिषेक उर्फ पुत्ती वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि संदीप उर्फ लाला ने लोहे के बेलचे से शिवनाथ के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।