news-details

यमुना एक्सप्रेस-वे पर 776 किलो डोडा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Mathura

थाना मांट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे से 776.620 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कैंटर वाहन से भारी मात्रा में छिपाकर ले जाई जा रही मादक पदार्थों की खेप पकड़ी और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.16 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 8:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि आगरा से नोएडा की ओर एक आयशर कैंटर में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 95 के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया डोडा चूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम (28) और कुलदीप उर्फ रिंकू (46) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के निवासी बताए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15सी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सीओ मांट संदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।