
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बाइक से नोएडा से वृंदावन जा रही थीं। रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह चलती बाइक से नीचे गिर पड़ीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार हादसा यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन-74 पर गांव हसनपुर के पास हुआ। गौतमबुद्धनगर जिले के थाना जारचा क्षेत्र के गांव बिसारा निवासी 46 वर्षीय शशि देवी अपने बेटे अजय कुमार के साथ वृंदावन जा रही थीं।बताया गया कि यात्रा के दौरान बाइक पर पीछे बैठी शशि देवी को अचानक चक्कर आ गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।घटना की सूचना मिलते ही नौहझील थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी जगदंबा सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण हुए हादसे का प्रतीत हो रहा है।