
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। यमुना नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने तहसील औरैया के बाढ़ प्रभावित ग्राम अस्ता का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से पूर्व में आई बाढ़ और उससे जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
डीएम ने अधिकारियों से जलस्तर और संभावित प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी लेकर तेजी से बढ़ते जलस्तर वाले स्थानों पर तत्काल नावों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने को कहा। संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में राशन किट और आवश्यकता पड़ने पर भोजन पैकेट वितरित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पशुओं के लिए पर्याप्त भूसा व चारे की व्यवस्था तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में टीमें तैनात रखने, सर्पदंश व अन्य आपात स्थितियों में तत्काल उपचार तथा गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।