
पारदर्शी विकास न्यूज़ इटावा
शनिवार को डीएफओ विकास नायक की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति और पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यमुना नदी में बिना शोधन के गंदा पानी छोड़े जाने और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई। डीएफओ ने एसटीपी के लंबे समय से चालू न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि गंदा पानी सीधे यमुना में जा रहा है, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है।उन्होंने अधिकारियों को आउटलेट से पानी के सैंपल लेकर जांच कराने के निर्देश दिए और नदी में ठोस कचरा न जाने देने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा। नगर निगम को यमुना किनारे जमा कूड़े की जल्द सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में एमआरएफ केंद्रों के संचालन की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों को नियमित रूप से सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए भूमि चयन, पौधों की सुरक्षा और सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।डीएफओ ने विशेष रूप से अधिक से अधिक इमली के पौधे लगाने पर बल दिया। बैठक में कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।