पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।
कुशीनगर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेवरही पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आदर्श सिंह उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल (.32 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और तलाशी के दौरान 41 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। अभियुक्त के खिलाफ थाना सेवरही में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई।
रेलवे स्टेशन पर गोली मारने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे तमकुहीरोड रेलवे स्टेशन पर पुरानी रंजिश को लेकर आदर्श सिंह उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजन शर्मा पुत्र विनोद शर्मा, निवासी घघवा जगदीश, थाना तरयासुजान, को कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से गोली मार दी थी। इस मामले में जीआरपी गोरखपुर में मुकदमा अपराध संख्या 167/2026 दर्ज किया गया था। मामले में वांछित होने के कारण अभियुक्त पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई आपराधिक मामलों में नाम
गिरफ्तार अभियुक्त आदर्श सिंह उर्फ बंटी, पुत्र प्रभुनाथ सिंह, निवासी जंगली पट्टी, थाना सेवरही, के विरुद्ध पुलिस रिकॉर्ड में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 तक के विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त टीम में सेवरही थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक सिंह, कस्बा सेवरही चौकी प्रभारी अनिल कुमार शर्मा, पिपराघाट चौकी प्रभारी रुपेन्द्र पाल तथा थाना तरयासुजान के उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।