
अमेठी/भादर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अमेठी की राजनीति में अभी से हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच भाजपा नेता एवं ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह दीपावली के अवसर पर गांव-गांव पहुंचकर महिला स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं। उनकी टीम की ओर से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित महिला समूहों के सदस्यों और ग्रामीण परिवारों को दीपावली की शुभकामनाओं के साथ मिठाई एवं उपहार वितरित किए जा रहे हैं। इस गतिविधि को क्षेत्र में उनकी आगामी चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।प्रवीण कुमार सिंह भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहे हैं और करीब तीन दशक से पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों में सक्रिय बताए जाते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह को प्रत्याशी बनाया था। डॉ. संजय सिंह चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार भी प्रवीण कुमार सिंह टिकट के प्रमुख दावेदारों में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

पिछले कुछ वर्षों से प्रवीण कुमार सिंह सामाजिक और क्षेत्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। इससे पहले नववर्ष पर उनके कैलेंडर गांवों में वितरित किए गए थे और होली के अवसर पर भी जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए गए थे। अब दीपावली पर महिला स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और बुजुर्गों तक पहुंचने की पहल को उनके राजनीतिक संपर्क विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि प्रवीण कुमार सिंह इस बार अमेठी विधानसभा क्षेत्र में आसल क्षेत्र की पहचान और एकजुटता को प्रमुखता दे रहे हैं। उनके समर्थकों की ओर से गांवों में संपर्क कर सामाजिक सहयोग और आशीर्वाद मांगे जाने की बात कही जा रही है। वहीं, राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि भाजपा से उन्हें टिकट नहीं मिलता है तो क्या वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे? हालांकि, इस संबंध में प्रवीण कुमार सिंह की ओर से किसी निर्दलीय उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।फिलहाल विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन प्रवीण कुमार सिंह की लगातार बढ़ती क्षेत्रीय सक्रियता ने अमेठी की राजनीति में चर्चाओं को तेज कर दिया है। आने वाले समय में भाजपा की टिकट प्रक्रिया और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के बीच उनकी भूमिका क्या होगी, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी।