
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को वाराणसी के 106 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित इस परीक्षा में जनपद के 48,218 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में संपन्न हुई, जिसमें पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे गए तथा कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की गई। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच और स्कैनिंग की गई। महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए अलग-अलग टीमों की व्यवस्था की गई थी। नोडल अधिकारी एवं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की कुलसचिव डॉ. संगीता पांडेय ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।