
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को कानपुर प्रवास के दौरान दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास, सुशासन और सुरक्षा के मॉडल के साथ खड़ी है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए कुछ दल केवल जाति विशेष की राजनीति करते थे, जबकि अब विपक्ष में आने के बाद पीडीए की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार के 12 वर्षों और उत्तर प्रदेश सरकार के 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी और इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर समर्थन मांगेगी।भाजपा के अंदरूनी मतभेदों पर पूछे गए सवाल के जवाब में भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है। बड़े परिवार में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन सभी मुद्दों का समाधान आपसी संवाद से कर लिया जाता है।कानपुर प्रवास के दौरान उन्होंने बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के आवास पहुंचकर उनकी माता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद भाजपा नेता दीपू पांडे के आवास जाकर उनकी बड़ी भाभी स्वर्गीय विमला पांडेय को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मंत्री सोमेंद्र तोमर और भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल भी मौजूद रहे।