
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर लगाए गए एक होर्डिंग ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। हरे रंग के इस होर्डिंग पर लिखा है- "27 में आ रहे अखिलेश"। इसके साथ ही नारा लिखा गया है- "महापापियों का खुला भेद, भाजपाइयों पे सच्चे सनातनियों को है खेद।"होर्डिंग में एक तरफ दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तस्वीर के नीचे अखिलेश यादव की तस्वीर लगाई गई है, जिसमें वह आरती करते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ मुजफ्फरनगर के चरथावल विधायक पंकज मलिक की तस्वीर के नीचे सोमिल सिंह श्रीनेत की फोटो लगाई गई है।यह होर्डिंग सोमिल सिंह श्रीनेत नाम के युवक की ओर से लगवाया गया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर चढ़ावा मामले ने भाजपा की असलियत सामने ला दी है।सोमिल सिंह ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर चंदे में गड़बड़ी होना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 में भाजपा को जवाब देगी।उन्होंने सवाल उठाया कि मामले में अभी तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं हुई। साथ ही कहा कि गठित की गई एसआईटी जांच से लोगों को ज्यादा उम्मीद नहीं है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही।