
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। ग्रीनपार्क चौराहे से घंटाघर तक बन रही सीएम ग्रिड रोड परियोजना अब निर्माण कार्य से ज्यादा डिजाइन और गुणवत्ता को लेकर विवादों में आ गई है। करीब 2.85 किमी लंबी और लगभग 28 करोड़ रुपये की इस सड़क परियोजना में कई खामियां सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है।ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि कई जगहों पर फुटपाथ जरूरत से ज्यादा चौड़ा कर दिया गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई घट गई है। वहीं नालियों की बनावट ऐसी है कि बरसात में पानी सड़क पर भरने की आशंका जताई जा रही है।स्टॉक एक्सचेंज और हडर्ड स्कूल चौराहे के पास भी यही स्थिति देखने को मिली, जहां फुटपाथ बढ़ने के कारण सड़क संकरी हो गई और ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना दिखाई दी। साथ ही यूटिलिटी शिफ्टिंग और बिजली लाइनों के अव्यवस्थित ढंग से बिछाने पर भी सवाल उठे हैं।आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य पर नाराजगी जताई और इसे 28-30 करोड़ रुपये की परियोजना में गड़बड़ी बताया। उन्होंने कहा कि सड़क की चौड़ाई घट गई है, नालियों का डिजाइन गलत है और यूटिलिटी शिफ्टिंग में लापरवाही की गई है।वहीं मेयर प्रमिला पांडेय ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जहां भी गड़बड़ी सामने आएगी, उसे ठीक कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में फूड जोन विकसित करने की योजना है।स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण की धीमी रफ्तार, धूल और अधूरे काम के कारण रोजाना जाम और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
“विपक्ष का काम आरोप लगाना है। हम वह काम करते हैं जिससे जनता को राहत मिले। ग्रीनपार्क और हडर्ड वाले चौराहे को ठीक करा दिया गया है। कहीं कुछ गड़बड़ी होगी तो मैं खुद ठीक कराऊंगी।उन्होंने बताया कि हडर्ड से ग्रीनपार्क चौराहे तक फूड जोन भी विकसित किया जाना है, जिससे क्षेत्र को नया स्वरूप मिलेगा।-मेयर