
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा की सदर पुलिस ने कई राज्यों में महिलाओं से ठगी करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अरुण अग्निहोत्री उर्फ पंकज को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले साढ़े छह साल से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक उसने आगरा समेत कई जिलों में करीब 3200 महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया।डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी ने “सार्थक सोशल वेलफेयर सोसाइटी” नाम से संस्था बनाकर गरीब महिलाओं को प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के नाम पर झांसे में लिया। महिलाओं से कहा जाता था कि उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण और सरकार की ओर से हर महीने पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। आवेदन और प्रशिक्षण के नाम पर प्रत्येक महिला से 750 रुपये वसूले जाते थे।आरोपी महिलाओं को चेन बनाने और दूसरी महिलाओं को जोड़ने के लिए भी प्रेरित करता था, जिससे ठगी का दायरा लगातार बढ़ता गया। आगरा के अलावा हाथरस, फिरोजाबाद, बरेली, वाराणसी, कानपुर और इंदौर में भी इस गैंग ने लोगों को ठगा।पुलिस के अनुसार अरुण अग्निहोत्री इस गैंग का मास्टरमाइंड है। उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। गैंग के तीन अन्य सदस्य पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।एमएससी पास आरोपी राजनीति में सक्रिय था, लेकिन सफलता न मिलने पर उसने ठगी का रास्ता अपनाया। पुलिस ने उसे लखनऊ के माधवग्रीन इलाके से गिरफ्तार किया।