
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ मणि मंदिर परिसर में 25 अक्टूबर को 43वां श्री श्याम महोत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। श्री श्याम बाल मंडल की ओर से आयोजित इस महोत्सव में देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक श्याम प्रभु की महिमा का गुणगान करेंगे। शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जानकारी दी। संस्था के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल डब्बूर, मंत्री अमित शर्मा, कार्यक्रम संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा, श्याम बूबना, निखिल अग्रवाल, निशु, शिवम शर्मा, समाजसेवी विजय मोदी और महेश चौधरी ने बताया कि महोत्सव जगजीतन जी महाराज के सानिध्य में सुबह नौ बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा। मुख्य अतिथि त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार के अध्यक्ष भरत सराफ होंगे।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सात बजे संरक्षक सूर्योदय शास्त्री के नेतृत्व में रुद्राभिषेक से होगी। इसके बाद आचार्य संजय हजारी के नेतृत्व में 501 श्रद्धालु सुंदरकांड पाठ करेंगे। दोपहर 12 बजे महिलाओं द्वारा भव्य महारास का आयोजन होगा।महोत्सव में जयपुर के कुमार नरेंद्र, अभिषेक नामा, नवीन शर्मा, कृतिने शर्मा, कोलकाता के संजू शर्मा, मुंबई के रोहित शर्मा और वाराणसी के कृष्णा दाधीच सहित अन्य कलाकार भजन प्रस्तुत करेंगे। कोषाध्यक्ष पवन शर्मा के अनुसार, कोलकाता के कारीगरों द्वारा भव्य सजावट की जाएगी और देशी-विदेशी फूलों से सजी रथ पर श्याम प्रभु की अलौकिक झांकी सजाई जाएगी।