
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। क्राइम ब्रांच और रावतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को आटे और मैदा की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 600 किलो से अधिक गांजा की खेप बरामद की गई। अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े इस मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। बरामद गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर का एक कंटेनर मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। मंगलवार सुबह पनकी क्षेत्र में पुलिस ने कंटेनर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर तक पीछा कर जीटी रोड पर घेराबंदी करके कंटेनर को रोक लिया।पूछताछ में चालक ने कंटेनर में आटा और मैदा लदे होने की जानकारी दी। तलाशी के दौरान सफेद रंग की बोरियों में आटा और मैदा मिला, लेकिन पीले रंग की बोरियों पर पुलिस को संदेह हुआ। जब इन बोरियों की जांच की गई तो उनमें रखे गत्तों के भीतर गांजा के पैकेट बरामद हुए।पुलिस ने चालक लियाकत अली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा की खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसे आगरा पहुंचाया जाना था। उसके साथ जमशेद, जावेद और जुनैद भी शामिल थे, जो मौके से फरार हो गए।एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके ने बताया कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का मामला है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का मामला है। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अब तक की यह सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी मानी जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।-एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके