
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। विकासखंड खड्डा क्षेत्र के ग्राम सभा चमरडीहा में स्थित सामुदायिक शौचालय पिछले आठ दिनों से बंद पड़ा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय अक्सर बंद रहता है और इसकी नियमित देखरेख नहीं की जाती, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए सामुदायिक शौचालय का उद्देश्य गांव को खुले में शौच से मुक्त बनाना था, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से यह व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें मजबूरन खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है।मामले को लेकर जब मीडिया कर्मियों ने ग्राम प्रधान से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि शौचालय संचालन से जुड़ा मामला समूह के आपसी विवाद के कारण प्रभावित हुआ है। वहीं दूरभाष पर संपर्क करने पर केयरटेकर ने साफ कहा कि वह अब वहां कार्य नहीं करेंगे।इस संबंध में ग्राम सचिव ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी, हालांकि उन्होंने जल्द जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।अब सवाल यह उठता है कि खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर ध्यान देंगे या ग्रामीणों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।