
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गंगा बैराज से शहर की करीब आठ लाख आबादी को होने वाली पेयजल आपूर्ति आठ दिन से बाधित है। कंपनी बाग चौराहे के पास मुख्य पाइपलाइन में एक और लीकेज मिलने के बाद बैराज से पानी की सप्लाई दोबारा रोक दी गई है। इससे शहर के कई इलाकों में जलसंकट गहरा गया है।जल निगम और जलकल विभाग की टीमें पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी हैं। इससे पहले एक अगस्त को डॉट नाला की मरम्मत के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। कई दिनों की मशक्कत के बाद सात अगस्त को मरम्मत पूरी हुई, लेकिन सप्लाई शुरू करने से पहले टेस्टिंग में नया लीकेज सामने आ गया।फूलबाग, परमट, गुमटी, किदवई नगर, गोविंद नगर, बर्रा, नौबस्ता और दक्षिण कानपुर के कई इलाकों में लोग पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर हैं। कई स्थानों पर लंबी कतारें लग रही हैं।जल निगम शहरी के एक्सईएन प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि लीकेज की मरम्मत कराई जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था से पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।