
पारदर्शी विकास ब्यूरो
खड्डा, कुशीनगर। राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को राजधानी लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन शिक्षकों के योगदान को सराहने और शिक्षा की गुणवत्ता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया था। समारोह में कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन (CTE), प्रयागराज के प्राचार्य अजय कुमार सिंह द्वारा चयनित शिक्षकों को “उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” से नवाजा गया। इस दौरान पूर्व बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयास ही छात्रों की सफलता का आधार है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम सामने आते हैं। इस अवसर पर जनपद कुशीनगर के कुल 9 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें उच्च प्राथमिक विद्यालय मदनपुर, सुकरौली (खड्डा क्षेत्र) के प्रधानाध्यापक अभीप्सित कुमार का नाम भी प्रमुख रूप से शामिल रहा। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिक्षकों को उनके विद्यालयों के उत्कृष्ट परिणाम, विशेषकर NMMS परीक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों का मनोबल बढ़ाना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।