
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र के गांव आशा नगला, ग्राम पंचायत सौंख देहात में अंबेडकर पार्क की भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। जाटव समाज के सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से पार्क की भूमि में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप न करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन किया जाएगा।ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 1968 में तत्कालीन ग्राम प्रधान विजेंद्र सिंह ने आठ लोगों के नाम पट्टे जारी किए थे। इसी दौरान जाटव समाज के लिए अंबेडकर पार्क, मंदिर और धर्मशाला के लिए भूमि आवंटित की गई थी।ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1980 में धर्मशाला का निर्माण हुआ और वर्ष 1985 में अंबेडकर प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा का उद्घाटन तत्कालीन सांसद मानवेंद्र सिंह ने विधायक बलजीत सिंह की मौजूदगी में किया था। इसके बाद वर्ष 1987 में ग्राम समाज की ओर से गुप्तेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना भी की गई।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गोवर्धन के पटवारी और कानूनगो द्वारा अंबेडकर पार्क की भूमि को पट्टे की भूमि बताया जा रहा है, जबकि यह दावा गलत है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन पट्टों का हवाला दिया जा रहा है, वे आशा नगला मोड़ पर स्थित हैं और वर्ष 1987 में नसबंदी योजना के तहत आवंटित किए गए थे।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि राजस्व अभिलेखों की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जाए और पार्क परिसर में किसी तरह का हस्तक्षेप न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई उनके पक्ष में नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।इस मामले में एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार ने बताया कि शिकायत की जानकारी मिली है। राजस्व रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।