
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भारतीय कुश्ती संघ (WFI) की ओर से तीन दिवसीय अंडर-17 ओपन नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन 6 जून से शुरू होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता के लिए देशभर से 1000 से अधिक पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में पंजीकरण कराया है, जिससे आयोजन को लेकर उत्साह और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ गए हैं।प्रतियोगिता के लिए स्टेडियम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अलग-अलग राज्यों से आए पहलवान पहले से ही अभ्यास में जुटे हैं और मुकाबलों को लेकर पूरा माहौल तैयार है। यह चैंपियनशिप 6 से 8 जून तक चलेगी, जबकि महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले 9 जून को खेले जाएंगे।कार्यक्रम के अनुसार 6 जून को पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती होगी, 7 जून को ग्रीको-रोमन शैली के मुकाबले होंगे, जबकि 8 जून से महिला कुश्ती की शुरुआत होगी। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले 9 जून को आयोजित किए जाएंगे।WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि किसी भी प्रतिभागी को परेशानी न हो। यह प्रतियोगिता युवा पहलवानों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और रैंकिंग हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।