news-details

अंतरजनपदीय रंगदारी गिरोह के दो  गिरफ्तार

You can share this post!

 

फाइनेंस ऐप से गाड़ियों की लोकेशन ट्रैक कर करते थे अवैध वसूली

सुल्तानपुर ।  शुक्रवार को अखंडनगर पुलिस ने अंतरजनपदीय रंगदारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। यह गिरोह एक फाइनेंस ऐप के पुराने पासवर्ड का दुरुपयोग कर गाड़ियों की लोकेशन ट्रैक करता था और डरा-धमकाकर अवैध वसूली करता था।गिरोह 'Easy recovery 2.0' नाम के फाइनेंस ऐप के जरिए लोगों की गाड़ियों को ट्रैक करता था। इसके बाद किश्त बकाया होने का डर दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने इस गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को रंगदारी के रुपयों के साथ धर दबोचा है।

यह मामला तब प्रकाश में आया जब बीती 18 जून को अंबेडकरनगर के जौनपुर (कोल्हूपारा) निवासी नीरज कुमार ने थाना अखंडनगर में एक लिखित तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि व्यापार के सिलसिले में उन्होंने एक गाड़ी (UP 45 BT 4307) खरीदी थी, जिसे उनका चालक संतोष लेकर जा रहा था। रास्ते में कुछ बदमाशों ने चालक को रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने गाड़ी सीज करने की धमकी देकर जबरन ₹5,000 नगद और फिर फोन-पे के माध्यम से ₹5,000, यानी कुल ₹10,000 की रंगदारी वसूल ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इस गिरोह का एक मुख्य सदस्य अनुभव श्रीवास्तव पहले एक इंश्योरेंस एजेंट फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उसने कंपनी के 'Easy recovery 2.0' ऐप के पुराने पासवर्ड का दुरुपयोग किया। इस ऐप की मदद से ये लोग किसी भी गाड़ी की बकाया किश्त और उसकी लाइव लोकेशन का पता लगा लेते थे।

इसके बाद रास्ते में गाड़ी को रोककर वाहन मालिक या चालक को डराते-धमकाते थे और रिकवरी के नाम पर अवैध वसूली का धंधा चलाते थे। पुलिस ने आज मीरपुर प्रतापपुर गिमटिया फाटक के पास से घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से रंगदारी के ₹2,000 भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान आकाश सिंह निवासी जमौटा, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ और सौरभ उर्फ गोलू गिरी निवासी बेलवाई, थाना अखंडनगर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी—अनुभव श्रीवास्तव (निवासी शाहगंज, जौनपुर) और नितेश सिंह (निवासी धुधुरी)—फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।