
Pardarshi Vikas News Hamirpur
हमीरपुर जनपद के कुरारा क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दीं। करीब पांच बजे अचानक मौसम बदलने के साथ घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल भीग गई।
इस समय क्षेत्र में गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग का काम तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश के चलते कृषि कार्य पूरी तरह ठप हो गया। किसानों को भारी नुकसान की आशंका सता रही है। पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बेमौसम बारिश ने हालात और खराब कर दिए हैं।
किसानों का कहना है कि सुबह धूप निकलने पर कटाई का काम दोबारा शुरू किया जाता है, लेकिन शाम होते ही बारिश काम रोक देती है। इससे फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय किसान रामबाबू यादव और जसवंत सिंह ने बताया कि लगातार खराब मौसम से उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे और राहत की मांग की है, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके।