
PARDARSHI VIKASH NEWS मध्य प्रदेश के धार जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर लगा करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम गुरुवार तड़के करीब 3 बजे, लगभग 11 घंटे की मशक्कत के बाद खुल सका। भेरू घाट से मानपुर ब्रिज तक हजारों वाहन फंस गए, जिससे बसों, ट्रकों और निजी वाहनों में सफर कर रहे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भूख, प्यास और उमस से परेशान रहे। सड़क निर्माण कंपनी द्वारा घाट सेक्शन में पेविंग कार्य किए जाने, एक ट्रक के बीच चढ़ाई पर खराब हो जाने, लगातार बारिश और कई वाहनों के गलत दिशा से घुसने के कारण हालात बिगड़ गए। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरी रात मौके पर डटी रही और एक-एक कर वाहनों को निकालकर यातायात सामान्य कराया। वहीं, लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के बाद गुरुवार सुबह यशवंत नगर के पास महाराष्ट्र से इंदौर आम लेकर जा रहा एक आईसर वाहन चालक को झपकी आने से पलट गया, जिसमें चालक और क्लीनर घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और वाहन हटाकर हाईवे पर दोबारा जाम की स्थिति बनने से रोका।