news-details

आईटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो 

कुशीनगर। जनपद के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। अगस्त 2026 से शुरू होने वाले प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक कर दी गई है। टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से जिले के दो राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित छह दीर्घकालीन व्यवसायों में प्रवेश के लिए भी अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकेंगे।

अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन के लिए SCVT उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर जाकर “Online Submission of Application for Admission for Session 2026-27 for Government/Private ITI” लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले मोबाइल नंबर का ओटीपी के माध्यम से सत्यापन अनिवार्य होगा।

आवेदन पत्र भरने के बाद अभ्यर्थी को Preview पृष्ठ पर उपलब्ध “Proceed For Payment” लिंक के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के जरिए किया जा सकता है। शुल्क जमा होने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भी प्राप्त किया जा सकेगा।

आवेदन में दर्ज विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संशोधन के लिए 48 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, संस्थान अथवा व्यवसाय के विकल्प में परिवर्तन के लिए एससीवीटी पोर्टल 9 से 12 अगस्त 2026 तक खुला रहेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित अवधि में अपने विकल्पों में आवश्यक संशोधन कर लें।

 

श्रेणीवार आवेदन शुल्क

 

सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये, जबकि सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित है।

 

प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी नोडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पडरौना में संपर्क कर सकते हैं।