
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने जल संस्थान और जल निगम को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।आयुक्त ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, तालाबों के भराव और हीटवेव से बचाव के लिए पेयजल व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में पानी की समस्या है, वहां टैंकरों से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में दवाएं, जनरेटर, ओआरएस घोल और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण, ई-संजीवनी और अन्य योजनाओं में सुधार के लिए कहा गया।आयुक्त ने अवैध खनन, ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई, विकास कार्यों में तेजी और लंबित निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम चौपाल, स्वच्छता, गौशाला व्यवस्था और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की।