
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। NEET 2026 परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। 21 जून को परीक्षा के दिन करीब 26 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां अभ्यर्थियों को कुछ समय रोककर व्यवस्थित तरीके से भेजा जाएगा। घंटाघर साइड पर टेंट लगाकर होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यात्रियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं। सुरक्षा के लिए आरपीएफ, जीआरपी, पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तैनात रहेंगे।अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मेमू के चार रैक रिजर्व रखे गए हैं। इसके अलावा कासगंज-रावतपुर परीक्षा स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। भीड़ प्रबंधन के चलते कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे ने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।