
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ इलाके के बुढ़िया घाट स्थित राणा इंटरनेशनल अगरबत्ती फैक्ट्री में रविवार भोर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के लिए जाजमऊ फायर स्टेशन से दो और मीरपुर स्टेशन से एक अतिरिक्त दमकल वाहन भी मौके पर भेजा गया।फैक्ट्री में अगरबत्ती निर्माण के लिए रखा गया भारी मात्रा में बुरादा और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आने से तैयार माल, बुरादा और कई मशीनें जलकर खाक हो गईं।फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, क्योंकि समय रहते कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल फायर विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रही है।