
बारिश से अमेठी बेहाल, जगह-जगह जलभराव
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। अगस्त महीने में बारिश अधिक होने से पूरा जिला पानी -पानी हो गया है। बड़ी संख्या में गांवों में जलभराव और कीचड़ की समस्या हो गई है।जल भराव से तिलोई तहसील के गांव सबसे अधिक प्रभावित हैं। कच्चे मकानों के गिरने का क्रम जारी है। गोमती नदी खतरे के निशान से 322सेमी नीचे बह रही है।इस वर्षा काल में जून2026से 31, अगस्त 2026,तक सामान्य के सापेक्ष लगभग 57फीसदी बारिश हुई है।531.6मिमी के सापेक्ष 301.2मिमी बारिश हुई है।बारिश के कारण जलभराव की सबसे अधिक समस्या तिलोई तहसील के गांवों में है। सोमवार को जिले में 8.3मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल बंद रहे।डी एम की ओर से विशेष अवकाश घोषित किया गया था।जिले से बहने वाली गोमती नदी का खतरे का निशान 84.730मी पर है। गोमती नदी 81.510 मी पर बह रही है।
अमेठी नगर में जलभराव की समस्या बढ़ी, तालाब बना राम लीला मैदान
नगर पंचायत अमेठी में नालों के निर्माण के बाद भी जल भराव की समस्या दूर नहीं हुई है। रामलीला मैदान तालाब की शक्ल में बदल गया है।सरवनपुर में बारिश का पानी कई घरों के गेट तक पहुंच गया है।सोमवार को सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने पूर्व प्रमुख घनश्याम चौरसिया के साथ जलभराव की समस्या का जायजा लिया और नगर पंचायत के कार्मिकों को बुलाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।सरवनपुर मुहल्ले के निवासी पूर्व गृह सचिव जिया लाल आर्य की पत्नी कल्पना आर्य का निधन हो गया है। सोमवार को वे अंतिम संस्कार पैतृक गांव पंडरी में करना चाहते थे, जलभराव की समस्या के कारण वे गांव में अंतिम संस्कार नहीं कर पाए और आर्य परिवार को शवदाह के लिए मानिकपुर जाना पड़ा।