news-details

अघोषित विद्युत कटौती से परेशान हैं लोग

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी।बुधवार से गुरुवार के बीच भी बिजली कटौती जारी रही। बुधवार की शाम 5:45 बजे बिजली चली गई और करीब दो घंटे बाद 7:45 बजे सप्लाई शुरू हुई। इसके बाद रात 8:25 बजे फिर बिजली गुल हो गई और 10:30 बजे आई। रात 11:45 बजे दोबारा बिजली चली गई, जो 1:45 बजे शुरू हुई।इसके बाद सुबह 4:21 बजे फिर बिजली चली गई और करीब साढ़े तीन घंटे बाद सुबह 7:45 बजे सप्लाई बहाल हो सकी। इस दौरान रातभर बिजली के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा।बिजली कटौती के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कामों में परेशानी उठानी पड़ी। बिजली आने की उम्मीद में लोग पावर हाउस के ग्रुप पर आने वाले मैसेज देखते रहे। सप्लाई शुरू होने के कुछ समय बाद ही दोबारा बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और उमस के बीच रात में लगातार बिजली कटौती से नींद पूरी नहीं हो पा रही है। सुबह बिजली न मिलने से पानी भरने समेत रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। दिन में बार-बार ट्रिपिंग से दुकानदारों और व्यापारियों के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में सुधार कर लगातार सप्लाई किए जाने की मांग की है।अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कंट्रोल के अलावा स्थानीय स्तर पर बिजली कटौती नहीं की जा रही है। लोकल फॉल्ट और अन्य तकनीकी कारणों से सप्लाई पर असर पड़ने पर उसे ठीक कराकर बिजली व्यवस्था सामान्य कराई जा रही है।