
Pardarshi Vikas News Amethi
बीती रात जंगलरामनगर क्षेत्र में एक तालाब में विषैला पदार्थ डाले जाने से सैकड़ों मछलियों की मौत हो गई। इस घटना से मत्स्य पालक वीरेंद्र कुमार वर्मा को लगभग दो लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिस्त्री का पुरवा मजरे जंगलरामनगर निवासी वीरेंद्र कुमार वर्मा को ग्राम पंचायत के इस तालाब का मत्स्य पालन के लिए पट्टा मिला हुआ है। वह लंबे समय से तालाब में मछली पालन का कार्य कर रहे थे। उनकी मछलियां अब बिक्री के लिए तैयार थीं, जिनमें 500 ग्राम से लेकर दो किलोग्राम तक की मछलियां शामिल थीं। 9 अप्रैल को जब वीरेंद्र कुमार वर्मा तालाब पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सैकड़ों मछलियां मरकर पानी में तैर रही थीं। अज्ञात लोगों द्वारा तालाब में विषैला पदार्थ डाल दिया गया था। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
पीड़ित ने बताया कि बची हुई मछलियों को बचाने के लिए उन्होंने दो दिनों तक दवा और अन्य उपाय किए, जिसके कारण तहरीर देने में कुछ विलंब हुआ। इस घटना में उन्हें लगभग दो लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
पुलिस ने वीरेंद्र कुमार वर्मा की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।