news-details

अमेरिका ने जारी की UFO फाइलों की पहली खेप, अपोलो मिशन की तस्वीरों और रिकॉर्डिंग पर चर्चा तेज

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अमेरिका में शुक्रवार को लंबे समय से चर्चा में रही UFO फाइलों की पहली खेप जारी कर दी गई। ट्रम्प प्रशासन ने सैकड़ों नए वीडियो, फोटो और पुराने सरकारी रिकॉर्ड सार्वजनिक किए। इन फाइलों में सबसे ज्यादा चर्चा NASA के अपोलो मिशन से जुड़ी तस्वीरों और अंतरिक्ष यात्रियों की बातचीत को लेकर हो रही है।जारी दस्तावेजों में NASA के अपोलो 12 और अपोलो 17 मिशन से जुड़ी तस्वीरें और बातचीत के रिकॉर्ड भी शामिल हैं। एक तस्वीर में चांद की सतह के ऊपर आसमान में तीन रहस्यमयी बिंदु दिखाई देने का दावा किया गया है।सबसे ज्यादा चर्चा अपोलो 17 मिशन के ट्रांसक्रिप्ट को लेकर हो रही है। इसमें अंतरिक्ष यात्री उड़ान के दौरान अंतरिक्ष यान के पास चमकती चीजें दिखने की बात करते सुनाई दे रहे हैं।एक ऑपरेटर ने मिशन कंट्रोल से कहा, “कुछ चमकते कण या टुकड़े हमारे पास से गुजरते दिख रहे हैं।” इसके जवाब में दूसरे ऑपरेटर ने कहा, “मेरी खिड़की के बाहर कई चमकती चीजें दिख रही हैं। ऐसा लग रहा है जैसे आतिशबाजी हो रही हो।”अपोलो 12 मिशन की लैंडिंग साइट से ली गई तस्वीरों में भी चांद की सतह के ऊपर कुछ रहस्यमयी वस्तुएं दिखाई देने का दावा किया गया है, जिन्हें अनआइडेंटिफाइड फिनॉमिना से जोड़कर देखा जा रहा है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कुछ महीने पहले रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को UFO और कथित एलियन गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड सार्वजनिक करने का निर्देश दिया था।फाइलें जारी होने के बाद ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्होंने सरकारी एजेंसियों को एलियन लाइफ, UFO और UAP से जुड़ी जानकारी जनता के सामने रखने को कहा था।इन फाइलों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर UFO और एलियन जीवन को लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि अमेरिकी सरकार पहले भी स्पष्ट कर चुकी है कि उसे अब तक एलियन जीवन या एलियन टेक्नोलॉजी का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है।पेंटागन की पिछली रिपोर्टों में भी कहा गया था कि कई UFO वीडियो और तस्वीरें बाद में सैन्य तकनीक या प्राकृतिक घटनाएं निकलीपेंटागन की ओर से जारी दस्तावेजों में 1999 के नए साल से एक दिन पहले FBI द्वारा ली गई कुछ तस्वीरें भी शामिल हैं। इनमें अमेरिकी सैन्य विमानों के पास कुछ रहस्यमयी वस्तुएं दिखाई देने का दावा किया गया है।इसके अलावा सैन्य पायलटों की ली गई तस्वीरें भी जारी की गई हैं, जिनमें तेज रफ्तार से उड़ती चीजें विमानों के पास से गुजरती दिखती हैं।एक डिक्लासिफाइड सैन्य रिपोर्ट में एक अधिकारी ने बताया कि उसने आसमान में कई चमकती वस्तुओं को तेजी से आगे बढ़ते देखा। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से एक वस्तु को विमान के टारगेटिंग सिस्टम से करीब 20 सेकंड तक ट्रैक किया गया, लेकिन बाद में वह अचानक गायब हो गई।नई UFO फाइलों में ओमान की खाड़ी के ऊपर दिखी एक रहस्यमयी वस्तु की तस्वीर भी सामने आई है। दावा किया गया है कि 2024 में इंफ्रारेड सेंसर ने तेज रफ्तार से उड़ती बूंद जैसी इस वस्तु को रिकॉर्ड किया था।हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये केवल प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और रिकॉर्ड हैं। इन्हें किसी एलियन या UFO की आधिकारिक पुष्टि नहीं माना जाना चाहिए।अमेरिकी सांसदों ने कहा है कि शुक्रवार को जारी दस्तावेज केवल शुरुआत हैं और आने वाले समय में और रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएंगे।हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अगली फाइलें कब जारी होंगी।अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि सरकार UFO मामलों में ज्यादा पारदर्शिता लाना चाहती है। सरकार का कहना है कि जनता को अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि लोग खुद तय कर सकें कि इन घटनाओं का क्या मतलब है।कुछ दस्तावेजों के हिस्सों को गवाहों की पहचान और संवेदनशील सैन्य ठिकानों की जानकारी छिपाने के लिए ब्लैकआउट किया गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं से जुड़ी कोई अहम जानकारी नहीं रोकी गई।