
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जनपद के भादर विकासखंड स्थित रामगंज बाजार निवासी अनुज साहू ने एमबीबीएस में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया 2776वीं रैंक हासिल की है। अनुज, छठीलाल (कल्लू) साहू के पुत्र हैं।अनुज की इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। जैसे ही उनके चयन की सूचना मिली, घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया, वहीं रामगंज बाजार सहित आसपास के गांवों के लोगों ने भी उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले अनुज ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। क्षेत्र के शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उनकी उपलब्धि को भादर क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।ग्रामीणों का कहना है कि अनुज की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्हें विश्वास है कि अनुज भविष्य में एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करेंगे। स्थानीय लोगों ने कहा कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।