
एक सीट पर दावेदारी करेगा अपना दल -एस
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। अपना दल -सोने लाल की ओर से मंगलवार को दुर्गा गार्डेन में कार्यकर्ता सम्मेलन और नारी शक्ति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपना दल -एस महिला सभा की अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रेखा वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। पूर्व प्रमुख और भाजपा नेता अमरेन्द्र सिंह पिंटू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।नारी शक्ति समारोह में रक्षाबंधन के पर्व के अवसर पर अमरेन्द्र सिंह पिंटू ने महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ियां बांटी और राजनीति में मजबूती के लिए सहयोग एवं आशीर्वाद मांगा।दीपमाला कुशवाहा ने कहा कि अपना दल -एस देश में व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड रहा है। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को बराबर के अधिकार,हक और हिस्सेदारी को लेकर अपना दल -एस पूरी तरह समर्पित है। महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 50प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए, महिलाएं अब किसी भी क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले कमजोर नहीं है।पूर्व प्रमुख अमरेन्द्र सिंह पिंटू ने अपना दल -एस के जिला अध्यक्ष भोलावर्मा, उपाध्यक्ष शिवनारायण कनौजिया एवं अन्य सभी पदाधिकारियों को मालाएं पहनाई और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार यादव, विनोद यादव,सुमन मौर्य, विजय पाल उपाध्याय, अश्विनी सिंह आदि मौजूद रहे।
अपना दल -एस मांगेगा एक सीट
विधानसभा चुनाव में अपना दल -एस अमेठी जिले में एक सीट की दावेदारी कर रहा है। यदि सीट बंटवारे में मिलती है तो अपना दल -एस, पूर्व प्रमुख अमरेन्द्र सिंह पिंटू को चुनाव लडाएगा। मंगलवार को अपना दल -एस के कार्यक्रम के बाद अमेठी में इस तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूत्रों का कहना है कि कार्यक्रम के प्रबंधन में अमरेन्द्र सिंह पिंटू ने पूरा सहयोग किया है।अपना दल -एस के स्थानीय नेताओं ने समूह की मीटिंग के नाम पर महिलाओं को बुलाया था। समूह की मीटिंग नहीं हुई,नारी शक्ति समारोह हुआ और महिलाओं को एक एक साड़ी मिली।