
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात। डेरापुर-मंगलपुर मार्ग पर रविवार को महोई गांव के पास अर्टिगा कार और डीसीएम वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में पलट गई, जबकि अर्टिगा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के एयरबैग समय पर खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और सभी सवार सुरक्षित बच गए।जानकारी के अनुसार, मंगलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का एक परिवार अर्टिगा कार से लौट रहा था। महोई गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में कार की डीसीएम से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम सड़क किनारे पलट गई।हादसे के समय अर्टिगा कार में पांच लोग सवार थे, जबकि डीसीएम में केवल चालक मौजूद था। दुर्घटना में एक किशोरी, एक बालक और एक युवक को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला। हादसे के बाद बच्चे और किशोरी सदमे में दिखाई दिए।डेरापुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।