news-details

अस्पताल तैयार, इलाज कब?

You can share this post!

नौबस्ता अस्पताल के लिए सड़कों पर उतरे सपाई
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।  नौबस्ता क्षेत्र में नवनिर्मित 100 बेड के राजकीय अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर गुरुवार दोपहर सपाइयों और क्षेत्रीय लोगों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने सीएमओ हरिदत्त नेमी को ज्ञापन सौंपकर अस्पताल का संचालन तत्काल शुरू कराने की मांग की।प्रदर्शनकारियों विष्णु कुशवाहा, मिथलेश और किशन लाल ने बताया कि नौबस्ता केशवपुरम में भाजपा कार्यालय के पास 100 बेड का राजकीय अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन लंबे समय से इसका संचालन शुरू नहीं किया गया है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अस्पताल शुरू होने से नौबस्ता और आसपास के घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में मरीजों को इलाज के लिए उर्सला, हैलट या कांशीराम अस्पताल जाना पड़ता है, जो क्षेत्र से करीब 12 से 15 किलोमीटर दूर हैं।खासकर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को लंबी दूरी तय करने में परेशानी होती है। आपात स्थिति में समय पर इलाज मिलना भी चुनौती बन जाता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारी अस्पताल के अभाव में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराना पड़ता है।उन्होंने मांग की कि अस्पताल को जल्द शुरू कर क्षेत्रवासियों को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।