
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटने के बाद भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व प्रमुख रश्मि सिंह ने गुरुवार को भादर विकासखंड में जनसंपर्क कर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने महिलाओं के बीच चौपाल लगाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कार्यकर्ताओं व समर्थकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा और वृंदावन को अयोध्या की तर्ज पर भव्य स्वरूप दिया जा रहा है तथा पर्यटन विभाग की कई परियोजनाएं स्वीकृत हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रश्मि सिंह ने ग्राम प्रधानों और भाजपा कार्यकर्ताओं को आम की उन्नत प्रजातियों के पौधे वितरित किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम पौधरोपण के लिए अनुकूल है। बारिश के दौरान खाली जमीनों और उपयुक्त स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।