
बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में शाम 5 बजे होगा आयोजन, स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती देंगे आशीर्वचन
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय बुधवार को कानपुर में आयोजित अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। बेनाझाबर स्थित बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में शाम 5 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे पहले शाम 4 बजे बैठक होगी। कार्यक्रम में अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती मुख्य अतिथि के रूप में आशीर्वचन देंगे, जबकि चंपत राय मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार लोहिया करेंगे।विहिप कानपुर प्रांत के कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल ने बताया कि 27 सितंबर से अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष की शुरुआत हुई है। इस दौरान उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया जाएगा। जन्मशताब्दी वर्ष में सेवा, सामाजिक समरसता, हिंदू सशक्तीकरण और मंदिरों की मुक्ति से जुड़े संकल्पों को आगे बढ़ाने के लिए पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के संकल्प की पूर्ति के बाद काशी और मथुरा की मुक्ति, अवैध धर्मांतरण पर रोक, घरवापसी, मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने और वैदिक ज्ञान-विज्ञान के संवर्धन जैसे विषयों पर भी संगठन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जन्मशताब्दी वर्ष के दौरान कानपुर प्रांत के सभी जिलों, प्रखंडों और खंडों में विचार गोष्ठियां, धर्मसभाएं, समरसता सम्मेलन, युवा संवाद और अशोक सिंघल के जीवन पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ ही वंचित बस्तियों में सेवा प्रकल्पों का विस्तार किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अशोक सिंघल के विचारों और जीवन-दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है।