news-details

अश्लील मैसेज से परेशान छात्रा ने दी जान

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती ने कथित रूप से बदनामी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों के अनुसार, मृतका बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा थी और साथ ही एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी भी करती थी। हाल ही में उसकी शादी तय हुई थी। इससे पहले उसकी दबौली निवासी एक युवक से दोस्ती थी, लेकिन शादी तय होने के बाद उसने बातचीत बंद कर दी थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक उसे लगातार परेशान करने लगा।परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक फर्जी आईडी के जरिए युवती को अश्लील मैसेज भेज रहा था। इतना ही नहीं, उसने युवती के मंगेतर को भी संदेश भेजकर उसके चरित्र पर सवाल उठाए और शादी तोड़ने का दबाव बनाने की कोशिश की।शनिवार शाम युवती ऑफिस से घर लौटी और अपने कमरे में चली गई। देर रात जब उसकी छोटी बहन उसे खाने के लिए बुलाने पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो युवती का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।सूचना पर बिठूर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने युवती का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की, जिसमें कई आपत्तिजनक और अश्लील मैसेज मिले हैं।थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।